समाजवादी व्यापार सभा की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए मेरठ के अक्षय जैन अरिहन्त को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश तथा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर की गई है।

समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने अक्षय जैन अरिहन्त के साथ अतीत अग्रवाल (अलीगढ़) को भी प्रदेश उपाध्यक्ष नामित किया है।
इसके अलावा गौरव गोयल (हापुड़) को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, नीरज कुमार जैन (अलीगढ़) को महानगर अध्यक्ष और मोहम्मद आरिफ (रामपुर) को रामपुर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
अक्षय जैन अरिहन्त को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने से मेरठ के समाजवादी व्यापारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी संगठन को उम्मीद है कि नई जिम्मेदारी के साथ वे व्यापारियों के मुद्दों को मजबूती से उठाने और संगठन को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।