मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला फूंके जाने के मामले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सपा प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मेरठ को ज्ञापन सौंपकर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन के मुताबिक, 19 अगस्त को मेरठ कमिश्नरी परिसर के निकट अखिलेश यादव का पुतला फूंका गया, जिसे सपा नेताओं ने बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला फूंकना स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। इससे राजनीतिक एवं सामाजिक माहौल खराब होने की आशंका जताई गई।
सपा नेताओं ने मांग की कि पुतला फूंकने में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।
इस दौरान पूर्व मंत्री शकील भारती, निरंजन सिंह, संगीता राहुल, नेहा गौड़, जीत नागपाल, अशरफाक गौरी, डॉ. नूर रहमान, जितेंद्र गुर्जर और मनीष शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।