लोकसभा में कथित साधु वेश प्रकरण पर भाजपा नेता अंकित चौधरी ने की कार्रवाई की मांग, लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं अधिवक्ता अंकित चौधरी ने लोकसभा में सांसद पप्पू यादव से जुड़े कथित साधु वेश प्रकरण को गंभीर बताते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अंकित चौधरी ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि लोकसभा की गरिमा और देश के करोड़ों साधु-संतों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि किसी सांसद ने साधु का वेश धारण कर संसदीय मर्यादा का उल्लंघन किया है, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पत्र में अंकित चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो सांसद पप्पू यादव की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि इस पूरे घटनाक्रम में अन्य व्यक्ति भी शामिल पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अंकित चौधरी का कहना है कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और उसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक वेशभूषा या परंपरा का ऐसा उपयोग, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हों, स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से इस प्रकरण पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि संसद की गरिमा और देशवासियों का विश्वास कायम रह सके।