मेरठ। श्री श्याम मोरवी मंडल (रजि.) मेरठ के तत्वावधान में आगामी 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को जीमखाना मैदान में ‘नवदश श्री शिव संध्या’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को अपर चैंबर, जीमखाना मैदान, बुढ़ाना गेट में प्रेसवार्ता आयोजित कर आयोजन की जानकारी दी गई।
मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ 3 अक्टूबर को शाम 7 बजे होगा। आयोजन में शिवभक्ति, भजन, झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भव्य दरबार और अखंड ज्योति रहेगी आकर्षण
आयोजन के मुख्य आकर्षणों में भव्य दरबार, अखंड ज्योति, अलौकिक श्रृंगार, छप्पन भोग, फूलों की होली और इत्र वर्षा शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन श्री गुरचरण अरोड़ा द्वारा किया जाएगा।
वहीं श्री नितिन चक्रधारी (दिल्ली) द्वारा मनमोहक धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। भजन संध्या में भजन प्रस्तुति भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
प्रेसवार्ता में मौजूद रहे पदाधिकारी
प्रेसवार्ता के दौरान दीपक सिंघल (पिंटू), संयोजक शिव संध्या, हर्षित गुप्ता, जितेंद्र मणि, दीपक मित्तल, मनोज अग्रवाल, राजेश मोहन, मनोज कौशिक और विक्की सहित मंडल से जुड़े कई पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से 3 अक्टूबर को जीमखाना मैदान पहुंचकर शिव संध्या में शामिल होने की अपील की है।