मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय की लड़ाई में हर संभव साथ देने का भरोसा दिया।
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार की सभी मांगों को तत्काल पूरा करे और मृतक बेटी को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
इस बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा,
"जब वो खुद ही बेलगाम है जिसके हाथ में लगाम है, तो फिर उनका क्या, जो उनके दरबार में दरबान है! 'मेरठ की बेटी' के साथ हुए महा-अत्याचार व हत्या के बाद जिस तरह नामजद आरोपियों पर कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आंदोलनकारियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा लगाया गया है, वो नाइंसाफी की पराकाष्ठा है।"
ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गर्म होती जा रही है। विभिन्न राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की मांग उठा रहे हैं। मामले को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर भी लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं।