मेरठ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व मीडिया विभाग अध्यक्ष एवं वर्तमान राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने शनिवार को मेरठ के ग्रैंड एलोरा रेस्टोरेंट (मेट्रो प्लाजा) में आयोजित पत्रकार वार्ता में राम मंदिर से जुड़े चंदे और ट्रस्ट के संचालन को लेकर केंद्र सरकार तथा भाजपा-आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भगवान राम करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और उनके नाम पर जुटाए गए चंदे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देश को मिलना चाहिए।
अभय दुबे ने कहा कि यदि ट्रस्ट में सब कुछ पारदर्शी था तो शीर्ष पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए और यदि कोई अनियमितता नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सामने आए घटनाक्रम केवल प्रशासनिक त्रुटि नहीं बल्कि गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की ओर संकेत करते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि ट्रस्ट के गठन और प्रशासनिक व्यवस्था में केंद्र सरकार की भूमिका रही है, इसलिए सरकार अपनी जवाबदेही से पीछे नहीं हट सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की जा रही।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस ने कई सवाल उठाए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी, ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही, केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई, कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच और इस्तीफों के कारणों पर स्पष्टीकरण की मांग शामिल रही।