Sunday, August 16, 2026
उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़राशिफलक्रिकेटबिजनेसलाइफस्टाइलउत्तराखंडराजनीतिमनोरंजनशिक्षाअपराधस्वास्थ्यधार्मिकव्यापार
अपराध

भ्रष्टाचार के आरोपों पर कॉन्ट्रैक्टर संघ के महासचिव राकेश गोड़ का पलटवार, बोले- बिना जांच आरोप लगाना अनुचित

✍️ Vipul Singhal 🗓️ 04 Jul 2026, 09:57 PM
भ्रष्टाचार के आरोपों पर कॉन्ट्रैक्टर संघ के महासचिव राकेश गोड़ का पलटवार, बोले- बिना जांच आरोप लगाना अनुचित

मेरठ। नगर निगम के वार्ड-44 के पार्षद उत्तम सैनी द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर मेरठ कॉन्ट्रैक्टर व्यापार संघ के महासचिव राकेश गोड़ ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता में उन पर और संघ के संरक्षक पं. अतुल दीक्षित पर लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं और बिना किसी जांच के इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है।

राकेश गोड़ ने कहा कि जिस नगर निगम कर्मचारी को लेकर टिप्पणी की गई है, उसकी उपस्थिति, अनुपस्थिति और स्थानांतरण का विषय पूरी तरह विभाग और अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसमें किसी ठेकेदार की कोई भूमिका नहीं होती।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम में बिना टेंडर कोई कार्य नहीं कराया जाता। केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में नियमों के तहत धारा 117(6)(बी) के अंतर्गत कार्य स्वीकृत किए जाते हैं, जिनकी विधिवत प्रशासनिक और तकनीकी स्वीकृति के बाद ही भुगतान होता है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में अनियमितताओं के लिए कोई स्थान नहीं है और यदि किसी को संदेह है तो संबंधित विभाग से जांच कराई जा सकती है।

राकेश गोड़ ने यह भी कहा कि पिछले कई वर्षों में उन्होंने नगर निगम में एक रुपये की भी सामग्री की आपूर्ति नहीं की है। यदि कोई संदेह हो तो पार्षद लेखा विभाग से इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने यह भी कहा कि किसी कर्मचारी को बहन कहकर संबोधित करना कोई गलत बात नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे वर्ष 1986 से एक विचारधारा के लिए कार्य कर रहे हैं और किसी भी प्रकार के भ्रम या षड्यंत्र का शिकार नहीं होना चाहिए।

राकेश गोड़ ने कहा कि तथ्यों के आधार पर ही आरोप लगाए जाने चाहिए और यदि किसी को शिकायत है तो उसका समाधान जांच के माध्यम से कराया जाना चाहिए।

शेयर करें: