मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मेरठ के दिल्ली रोड स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में चुनावी तैयारियों, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी है। कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने, सदस्यता अभियान को गति देने और जनता के बीच पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक के दौरान जिला और प्रदेश पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत की। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक बैठकों के आयोजन पर भी सहमति बनी।
पवन कुमार वर्मा ने कहा कि पार्टी मेहनती और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत बनाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को उठाने और पार्टी को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती के साथ लड़ने का संकल्प भी दोहराया।