मेरठ में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सैकड़ों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और हुक्कों के साथ कमिश्नरी पहुंचे और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि वर्षों पहले किए गए वादे आज तक पूरे नहीं किए गए हैं, जिससे किसानों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का भी विरोध किया। उनका कहना है कि इस तरह के समझौते किसानों के हितों के खिलाफ हैं और सरकार को पहले देश के किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
किसानों ने सिंचाई, बिजली, खराब सड़कों और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर भी प्रशासन और सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि कमिश्नरी के गेट बंद कर उन्हें रोका गया तो वे वहीं धरने पर बैठ जाएंगे।
प्रदर्शन को देखते हुए कमिश्नरी परिसर के बाहर भारी पुलिस बल और एलआईयू (LIU) की टीम तैनात रही। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के किसान नेता अनुराग चौधरी ने कहा कि किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि सरकार ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।