"पूर्व राज्य मंत्री मोहम्मद अब्बास बोले— धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा, पार्टी जो रणनीति तय करेगी उस पर होगा अमल!"
मेरठ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर रोके जाने और हिरासत में लिए जाने के मुद्दे पर मेरठ में सियासत गरमा गई है। सपा के पूर्व राज्य मंत्री मोहम्मद अब्बास ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
मोहम्मद अब्बास ने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों और छात्रों के हितों को लेकर उठ रही आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अब तक इस्तीफा क्यों नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी और पार्टी नेतृत्व आगे जो भी रणनीति तय करेगा, उस पर सभी कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ अमल करेंगे।
इस बयान के बाद मेरठ में सपा कार्यकर्ताओं के बीच भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर पार्टी के अगले कदम और आंदोलन की रणनीति पर टिकी है।